छत्तीसगढ़ में बिहान योजना से बदली सरिता यादव की जिंदगी, संवारी आजीविका; परिवार की बढ़ी खुशहाली

बहनों की तरक्की, परिवार की शान—विष्णु भैया का यही अभियान

बिहान योजना से सरिता यादव ने संवारी अपनी आजीविका

समूह से ऋण लेकर शुरू किया आटा चक्की और खाद्य सामग्री का व्यवसाय, हर माह 10 से 15 हजार रुपये की आमदनी

रायपुर, 
 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का मजबूत आधार बन रही है। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं ऋण एवं अन्य सहयोग का लाभ लेते हुए स्वयं का व्यवसाय शुरू कर रही हैं और अपनी मेहनत से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जशपुर जिले की रहने वाली श्रीमती सरिता यादव भी बिहान योजना से जुड़कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। पिछले वर्ष उन्हें स्व-सहायता समूह के माध्यम से ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने आटा चक्की सहित खाद्य सामग्री से संबंधित व्यवसाय शुरू किया। आज उनके व्यवसाय से हर माह लगभग 10 से 15 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।

दूसरों पर निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक का सफर

सरिता यादव बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने से पहले अपने छोटे-मोटे खर्चों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। व्यवसाय शुरू करने के बाद परिस्थितियां बदलीं। अब वे अपने दैनिक एवं व्यक्तिगत खर्च स्वयं वहन कर रही हैं और अपनी आय से भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं। वे कहती हैं कि स्व-सहायता समूह से मिला सहयोग उनके लिए नई शुरुआत का आधार बना। समूह के माध्यम से ऋण मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला और आज वे अपने पैरों पर खड़ी हैं।

महिला सशक्तिकरण को मिल रही नई दिशा

बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें बचत, ऋण और आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाएं अपने हुनर और मेहनत को व्यवसाय का रूप देकर नियमित आय अर्जित कर रही हैं। सरिता यादव की सफलता भी इसी बदलाव की प्रेरक मिसाल है, जहां सरकारी योजना और समूह के सहयोग ने एक महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।

सरिता यादव ने बिहान योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अवसर और सहयोग मिलता है, तो वे न केवल अपने परिवार को संभाल सकती हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

सरिता यादव की कहानी यह संदेश देती है कि अवसर, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए तो ग्रामीण महिलाएं भी अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बिहान योजना महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button