‘जवान’ के बाद अब ‘फुकरे 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया है, रविवार को खूब कमाई

मुंबई

'गदर 2', 'जवान' जैसी फिल्मों के बाद अब बॉक्स ऑफिस पर नई लहर बनकर छाई है 'फुकरे 3'। फिल्म ने चौथे दिन यानी पहले रविवार को शानदार कमाई की है और ये ओपनिंड से लेकर अब तक की सबसे अधिक कमाई है। फिल्म के चौथे दिन की कमाई ने ये साबित कर दिया है कि ये लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। वहीं विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' की हालत काफी पतली नजर आ रही है। जबकि इन सबके बीच कंगना रनौत की 'चंद्रमुखी 2' भी ठीक-ठाक कलेक्शन कर रही है।

'फुकरे' और 'फुकरे रिटर्न्स' की शानदार सफलता के बाद मृगदीप सिंह लांबा की 'फुकरे 3' भी अब खूब गदर काट रही है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से काफी बढ़िया परफॉर्म करती दिख रही है। 'जवान' देखने के बाद सुस्ता रहे बॉलीवुड फैन्स को कॉमेडी और फुकरेपंती से भरपूर ये फिल्म दर्शकों को अपनी तरफ खींचने में कामयाब हो रही है। ये फिल्म सिनेमाघरों में 28 सितंबर को रिलीज हुई है और चौथे दिन रविवार को इसने गर्दा उड़ा दिया है। फिल्म ने रविवार को 15.18 करोड़ रुपये की कमाई की है, जबकि ओपनिंग पर इसने महज 8.82 करोड़ रुपये कमाए थे। अगर यहां इस फिल्म की रविवार की कमाई की तुलना शाहरुख खान की 'जवान' से करें तो 'फुकरे 3' काफी ागे निकल गई है। 'जवान' ने बीते शुक्रवार को यानी 25वें दिन 8.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। चार दिनों में 'फुकरे 3' ने कुल मिलाकर ₹ 43.48 करोड़ की कमाई कर डाली है।

'फुकरे 3 ने वर्ल्डवाइड की 55 करोड़ रुपये से अधिक कमाई
वहीं इस फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इसने 4 दिनों में 55.30 करोड़ रुपये की कमाई की है, जबकि इंडिया में ग्रॉस कलेक्शन 51.30 करोड़ रुपये रहा। वहीं विदेश में फिल्म ने अब तक 4.00 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म में ऋचा चड्ढा के अलावा पंकज त्रिपाठी, पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और मनजोत सिंह दमदार रोल में दिखे हैं। हालांकि, फिल्म देखकर निकल रहे लोगों पर चूचा यानी वरुण शर्मा का किरदार काफी हावी नजर आ रहा है।

विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' दर्शकों के लिए तरस रही
वहीं विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' बॉक्स ऑफिस पर तंगी में गुजर रही है। कोरोना में लॉकडाउन के दौरान वैक्सीन को लेकर रची गई इस कहानी को लेकर दर्शकों में कुछ खास क्रेज नहीं दिख रहा है। हालांकि डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने इस फिल्म पर रविवार के दिन एक पर एक टिकट फ्री की भी घोषणा कर चुके थे, लेकिन इससे दर्शकों को खींच पाने में कुछ खास मदद नहीं मिल पाई। हां इतना जरूर हुआ कि ये फिल्म रिलीज होने से लेकर अब तक में सबसे अधिक रविवार को कमाई कर सकी है जो 2.25 करोड़ रुपये के करीब है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button