फ्रांस ने बढ़ाया PM मोदी का मान, ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से किया सम्मान

फ्रांस

फ्रांस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। गुरुवार शाम पेरिस के एलीसी पैलेस में फ्रांसीसी नेता द्वारा आयोजित एक रात्रिभोज के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन द्वारा पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ''पीएम मोदी ने इस अद्वितीय सम्मान के लिए भारत के लोगों की ओर से मैक्रॉन को धन्यवाद दिया।''

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, "आज शाम एलीसी पैलेस में मेरी मेजबानी करने के लिए मैं राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और श्रीमती मैक्रों को धन्यवाद देता हूं।" वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस पुरस्कार को भारत-फ्रांस साझेदारी की भावना का प्रतीक गर्मजोशीपूर्ण संकेत बताया है।

पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से दुनिया भर के प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया गया था। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, पूर्व जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली शामिल हैं।

जून में मिस्र ने पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया था। उन्हें 2021 में भूटान से ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो, 2020 में अमेरिका से लीजन ऑफ मेरिट, 2019 में रूस से ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू, 2019 में यूएई से ऑर्डर ऑफ जायद और  2016 में सऊदी अरब से सऊद अब्दुलअजीज अल का ऑर्डर भी मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button